उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
नंदप्रयाग में हादसा, पुलिस ने शुरू किया सर्च अभियान; देर शाम तक नहीं मिला सुराग
नंदप्रयाग। बदरीनाथ धाम में अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने जा रहे तमिलनाडु के एक यात्री के नंदप्रयाग में अलकनंदा नदी में बहने का मामला सामने आया है। तर्पण के बाद अपनी माता के लिए नदी से पानी लेने गए करीब 40 वर्षीय गुरु प्रसाद का अचानक पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। सूचना मिलते ही नंदप्रयाग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक यात्री का कोई सुराग नहीं लग सका था।जानकारी के अनुसार तमिलनाडु निवासी गुरु प्रसाद पुत्र वेंकट रमन, निवासी 54/ सरोजनी ईस्ट, रामनगर, अपनी माता के साथ बदरीनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। करीब एक वर्ष पहले उनके पिता का निधन हुआ था। इसी के चलते वह बदरीनाथ धाम में अपने दिवंगत पिता का तर्पण करने जा रहे थे।बताया गया कि यात्रा के दौरान पांच प्रयागों में शामिल नंदप्रयाग में गुरु प्रसाद ने अपने पिता का तर्पण किया। इसके बाद वह अपनी माता के लिए पानी लेने नदी किनारे पहुंचे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह अलकनंदा के तेज बहाव में जा गिरे। देखते ही देखते वह नदी में बह गए।घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नंदप्रयाग चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी किनारे तथा आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की। पुलिस और राहत टीमों की ओर से नदी के संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, देर शाम तक गुरु प्रसाद का कोई पता नहीं चल पाया था।
