
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जहां महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया, वहीं बैणी-भुली योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चमोली जिले को 149 करोड़ 77 लाख रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात भी दी।पीपलकोटी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा और जांदरा व मथानी से पारंपरिक पहाड़ी कार्यों में भी हिस्सा लिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। बैणी-भुली योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जिसकी पहली किस्त दिसंबर में सीधे बैंक खातों में पहुंचेगी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पशुपालन, प्राकृतिक खेती, मधुमक्खी पालन, खेल और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।विकास योजनाओं की बात करें तो मुख्यमंत्री ने 133 करोड़ 59 लाख रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16 करोड़ 18 लाख रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 32 करोड़ 69 लाख रुपये तथा ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग के लिए 15 करोड़ 6 लाख रुपये की योजनाएं भी शामिल हैं।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा सहित जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

