
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
एक से डेढ़ माह में मशीन लगाने का आश्वासन, सप्ताह में दो दिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी तैनाती; छह मांगों पर मिले लिखित आदेश, समयसीमा में काम नहीं हुआ तो फिर आंदोलन की चेतावनी
थराली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले भाजपाइयों के आंदोलन पर फिलहाल विराम लग गया है। सात दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अस्पताल में एक से डेढ़ माह के भीतर अल्ट्रासाउंड मशीन लग पाती है या फिर एक बार फिर उन्हें निराशा हाथ लगती है।थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी के नेतृत्व में 10 नवंबर से अस्पताल परिसर में सात सूत्रीय मांगों को लेकर धरना और अनशन किया जा रहा था। खास बात यह रही कि आंदोलन में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे थे। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और पर्याप्त चिकित्सा एवं सुरक्षा स्टाफ उपलब्ध कराने की थी।अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्ण धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अल्ट्रासाउंड मशीन डेढ़ माह के भीतर स्थापित करने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही सप्ताह में दो दिन बुधवार और गुरुवार को महिला बेस चिकित्सालय से सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और निश्चेतक की ड्यूटी लगाने के लिखित आदेश भी जारी किए गए।इसके अलावा सीएचसी थराली में चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति, दो स्टाफ नर्स, एक एएनएम और युवा कल्याण विभाग के माध्यम से तीन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के आदेश भी दिए गए। छह मांगों पर लिखित कार्रवाई और अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की समयसीमा तय होने के बाद आंदोलनकारियों ने अपना अनशन और धरना स्थगित करने की घोषणा की।हालांकि आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि यह आंदोलन का स्थायी समापन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग को दिया गया मौका है। तय समयसीमा में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित नहीं हुई और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं आया तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या स्वास्थ्य विभाग अपने लिखित आश्वासन पर खरा उतरेगा यदि तय समय में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित हो जाती है तो यह थराली क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी राहत होगी और विधायक भूपाल राम टम्टा के प्रयासों को भी क्षेत्र में उपलब्धि के रूप में देखा जाएगा। लेकिन यदि आश्वासन सिर्फ कागजों तक सीमित रहा तो स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर आंदोलन की स्थिति बन सकती है।फिलहाल सात दिनों के आंदोलन के बाद धरना स्थल शांत हो गया है, लेकिन थराली की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं में वास्तविक सुधार का इंतजार है। अब आने वाला एक से डेढ़ माह तय करेगा कि अस्पताल को अल्ट्रासाउंड मशीन मिलती है या जनता को फिर निराश होना पड़ता है।

