
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
विश्व मानसिक स्वास्थ्य,विश्व प्रशामक एवं उपशामक देखभाल दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
उत्तरकाशी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में शनिवार को जिले में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस,विश्व प्रशामक एवं उपशामक देखभाल दिवस के मौके पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख अधीक्षक डॉ बीएस रावत ने कहा कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर उचित सहायता और उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना है।उन्होंने कहा कि विश्व प्रशामक एवं उपशामक देखभाल दिवस की इस वर्ष की थीम “Pain Management: An Essential Part of Palliative Care” (दर्द प्रबंधन: प्रशामक देखभाल का एक आवश्यक हिस्सा) है। इसका उद्देश्य गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों को दर्द व अन्य कष्टकारी लक्षणों से राहत प्रदान करना तथा उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार, समय पर परामर्श एवं उपचार प्राप्त करने तथा गंभीर और दीर्घकालिक रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए प्रशामक देखभाल की आवश्यकता पर जोर देने के साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तथा दर्द से राहत प्रदान करने के उपायों के संबंध में जागरूक करने का संदेश दिया गया।इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप जिला चिकित्सालयों, जिला चिकित्सालय तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में इन दोनों दिवसों के महत्व के संबंध में जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंद व्यक्तियों को उचित परामर्श एवं उपचार के लिए प्रेरित करने तथा गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को आवश्यक प्रशामक देखभाल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

