
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
देहरादून, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने आज हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ किया।नव्या 2.0 के तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें आकांक्षी एवं दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत पात्रता आयु सीमा 16–18 वर्ष से बढ़ाकर 16–25 वर्ष कर दी गई है। इसके तहत उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप, उभरते हुए तथा गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही, प्रशिक्षित युवतियों के लिए रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प अधूरा रहेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाएं केवल विकास की लाभार्थी ही नहीं, बल्कि उसकी नेतृत्वकर्ता भी होनी चाहिए। उन्होंने मां गंगा की अविरल धारा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी निरंतर प्रवाहमान प्रकृति हमें निरंतर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में उनका सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है और नव्या 2.0 इस प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाएगा।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनभागीदारी और जागरूकता का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण बैचों में नामांकन सुनिश्चित करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक बालिका और उसके परिवार के साथ नामांकन से लेकर आजीविका तक निरंतर जुड़ाव बनाए रखना है।जयंत चौधरी ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की सफलता का आकलन प्रशिक्षण के बाद सृजित होने वाले अवसरों से किया जाता है।कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों तथा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) 4.0 के तहत प्रशिक्षित 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रदेश कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव श्रीमती देबाश्री मुखर्जी, सचिव अनिल मलिक, संयुक्त सचिव सुश्री हेना उस्मान, संयुक्त सचिव अजीत कुमार तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

