
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में चला संयुक्त निरीक्षण अभियान, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और दवाइयों की बिक्री पर दी सख्त चेतावनी**
आमजन के स्वास्थ्य और उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को ऊखीमठ मुख्य बाजार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि गुणवत्ता संबंधी संयुक्त औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में संचालित अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों, जनरल स्टोर और मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया।अभियान में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी मनोज कुमार सेमवाल तथा औषधि निरीक्षक अमित कुमार आजाद शामिल रहे। टीम ने नेगी जनरल स्टोर, गिरीश मेडिकल्स और बर्त्वाल मेडिकल सहित अन्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों एवं औषधियों की गुणवत्ता और रखरखाव की जांच की।निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की पैकेजिंग, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि, भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई तथा एफएसएसएआई लाइसेंस एवं पंजीकरण की जांच की गई। वहीं मेडिकल स्टोर में दवाइयों की गुणवत्ता, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, भंडारण की निर्धारित परिस्थितियों, क्रय-विक्रय अभिलेखों और औषधि विक्रय लाइसेंस की वैधता का परीक्षण किया गया।इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री एवं दवाइयों का सुरक्षित भंडारण करने, स्वच्छता बनाए रखने और सभी वैधानिक मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री एवं दवाइयों को न तो बिक्री के लिए प्रदर्शित किया जाए और न ही भंडारित किया जाए।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि गुणवत्ता सीधे तौर पर आमजन के स्वास्थ्य और उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित खाद्य सामग्री और गुणवत्तायुक्त दवाइयां प्राप्त करने का अधिकार है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, एक्सपायरी सामग्री की बिक्री और दवाइयों के रखरखाव में लापरवाही जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

