
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
12 आवेदन आने के बाद विचार-विमर्श और आपसी सहमति से लिया गया निर्णय, महिला संगठन को मजबूत करने का संकल्प।
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा शुक्रवार को कृष्णा गार्डन, नियर कारगी चौक, देहरादून में आयोजित महिला सम्मेलन एवं जनसंवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश की मातृशक्ति की भागीदारी, महिलाओं के अधिकार, सम्मान, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती रमा चौहान ने सम्मेलन के समापन सत्र में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में केंद्रीय महिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। इस पद के लिए कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी आवेदनों पर विचार-विमर्श और संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। चयन प्रक्रिया के दौरान कुछ सदस्यों द्वारा अपनी असहमति और विरोध भी व्यक्त किया गया, लेकिन आपसी बातचीत, विचार-विमर्श और सहमति बनाने के प्रयासों के बाद श्रीमती राजेश्वरी रावत के नाम पर सहमति बनी और उन्हें उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय महिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।संयोजिका श्रीमती रमा चौहान ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती केवल पदों से नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, समर्पण और सामूहिक निर्णय से आती है। महिला शक्ति को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व देना और महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्रीमती राजेश्वरी रावत के नेतृत्व में केंद्रीय महिला प्रकोष्ठ प्रदेशभर में संगठन को नई मजबूती देगा तथा महिलाओं की आवाज को राजनीतिक और सामाजिक मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाएगा।कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनसंवाद आयोजित किया गया, जिसमें उत्तराखंड की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पलायन, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण आंदोलन में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और अब प्रदेश के भविष्य एवं राजनीतिक निर्णयों में भी महिलाओं की बराबर भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री कुंदन बिष्ट, श्री राजू बिष्ट, महानगर अध्यक्ष श्री प्रवीण चंद्र रमोला, केंद्रीय महामंत्री श्री रघुवीर सिंह राणा, महानगर महामंत्री श्री कपिल कुमार, महानगर संगठन मंत्री श्री राम भट्ट, महामंत्री श्री दीपक रावत, श्रीमती रीता देवी, श्रीमती कमला चौहान, श्रीमती सुमन नेगी, श्री प्रेम आर्य, श्रीमती ममता बिष्ट एवं श्रीमती सरोज डैंड्र्याल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर संयोजिका श्रीमती रमा चौहान ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, मातृशक्ति एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड की महिलाओं को एक साझा मंच देना और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को संगठन की नीतियों और आंदोलनों का हिस्सा बनाना है।उत्तराखंड क्रांति दल ने महिला शक्ति को संगठन की निर्णायक ताकत बनाने तथा प्रदेश के अधिकारों, स्वाभिमान और विकास की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

