उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
पोखरी। विकासखंड पोखरी के नेल गांव से राजकीय इंटर कॉलेज गोदली जा रहे 15 छात्र-छात्राओं के सामने सोमवार सुबह अचानक भालू अपने बच्चों के साथ आ गया। भालू को देखते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे शोर मचाते हुए जान बचाकर वापस घर की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि भालू ने बच्चों पर हमला नहीं किया और सभी सुरक्षित घर पहुंच गएजानकारी के अनुसार, नेल गांव के छात्र-छात्राएं सोमवार सुबह नौली-गोदली सड़क से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान ढोगड़म तोक के पास अचानक उन्हें भालू अपने बच्चों के साथ दिखाई दिया। भालू को सामने देखकर बच्चे सहम गए और बिना देर किए वापस गांव की ओर भागने लगे। इसके बाद सभी बच्चे स्कूल जाने के बजाय घर लौट गए।घटना के दौरान अरमान, साहिल, अजय, अरुष, प्रियांशु, अकोल, मोहित, अरदीप, मीनाक्षी, नेहा, अरुशी, मुस्कान, अमीषा, कशिश और प्रिया मौजूद थे। छात्र अरमान और मीनाक्षी ने बताया कि सुबह रास्ते में अचानक भालू और उसके बच्चे दिखाई दिए। इससे वे डर गए और दौड़कर अपनी जान बचाई।क्षेत्र में हाल में भालू के हमले में दो महिलाओं की मौत की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में पहले से ही दहशत है। ऐसे में स्कूल जाने वाले रास्ते पर भालू की सक्रियता सामने आने से अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। जिस स्थान पर बच्चों को भालू दिखाई दिया, वहां भी टीम से पेट्रोलिंग कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
