उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
देहरादून। कारगी चौक के समीप नगर निगम के कूड़ा डंपिंग जोन में कूड़े के बढ़ते ढेर और सड़क तक फैली गंदगी को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने सरकार एवं नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कूड़े के अंबार के कारण आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय निवासियों, दुकानदारों, राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री एवं 18 धर्मपुर विधानसभा से संभावित विधायक प्रत्याशी रघुवीर सिंह राणा ने कहा कि कारगी चौक की वर्तमान स्थिति नगर निगम और प्रशासन की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।उन्होंने कहा, “सरकार और नगर निगम स्वच्छ देहरादून के दावे करते हैं, लेकिन धरातल पर कारगी चौक के पास कूड़े का पहाड़ खड़ा है। सड़क तक फैला कूड़ा और उससे उठती दुर्गंध आम जनता के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। आखिर जनता कब तक इस गंदगी और अव्यवस्था को झेलती रहेगी?”उन्होंने कहा कि कूड़े का समय पर उठान और उचित निस्तारण प्रशासन एवं नगर निगम की जिम्मेदारी है। यदि इस समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो उत्तराखंड क्रांति दल जनता के साथ मिलकर कारगी चौक पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेगा।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि प्रशासन और नगर निगम समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारते और कूड़े के इस पहाड़ को नहीं हटाते, तो यूकेडी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन और नगर निगम की होगी।”उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर महामंत्री कपिल कुमार जी ने कहा कि कारगी चौक की समस्या केवल गंदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में रहने वाले और यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों की परेशानी का विषय है।उन्होंने कहा कि “राजधानी देहरादून में सड़क के किनारे कूड़े के इतने बड़े ढेर खड़े होना बेहद गंभीर स्थिति है। आसपास के लोगों को दुर्गंध, गंदगी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सरकार और नगर निगम को कागजों और दावों से बाहर निकलकर जमीन पर काम करना होगा।”उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कारगी चौक से तत्काल कूड़े के ढेर हटाए जाएं, सड़क एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई कराई जाए तथा नियमित कूड़ा उठान और उचित निस्तारण की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनता की इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उत्तराखंड क्रांति दल इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन करेगा।
मौके पर ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान महानगर महिला कार्यकारी अध्यक्ष रीता देवी, वार्ड अध्यक्ष 84 सुमन नेगी, कमल चौहान, अंजलि बलूनी, मलिक श्री राम भट्ट, महानगर संगठन मंत्री तथा कपिल कुमार, महानगर महामंत्री एवं 18 धर्मपुर विधानसभा सहित उत्तराखंड क्रांति दल के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।यूकेडी ने प्रशासन से मांग की कि कारगी चौक की सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए और कूड़े के बढ़ते ढेर का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
