उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
पहले नए और दूसरे दिन पुराने बस अड्डे पर युवाओं के बीच मारपीट, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
पौड़ी। शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते दो दिनों में शहर के अलग-अलग बस अड्डों पर युवाओं के उत्पात और मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। सोमवार को नए बस अड्डे के पास युवाओं के हंगामे का वीडियो सामने आया था, जबकि मंगलवार देर शाम पुराने बस अड्डे पर युवाओं के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। लगातार सामने आ रही घटनाओं से पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में है।मंगलवार को वायरल वीडियो में कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बस अड्डे जैसे व्यस्त क्षेत्र में हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बना। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी।खास बात यह है कि सोमवार को भी नए बस अड्डे के पास युवाओं के उत्पात का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार दूसरे दिन ऐसी घटना सामने आने से शहर में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि बस अड्डे और बाजार क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त के बावजूद यदि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह मारपीट और हंगामे की घटनाएं हो रही हैं तो निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।स्थानीय लोगों ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मंगलवार को पुराने बस अडा मे मारपीट का विडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शांति भंग के तहत कार्रवाई करने के साथ दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे भी दर्ज किए हैं। गिरफ्तार युवकों में पीयूष कौशिक, राहुल उनियाल, नितेश सकलानी, हिमांशु और सौरभ नेगी शामिल हैं
