उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
सोल घाटी की सड़क बदहाल, 16 गांवों के ग्रामीण परेशान; बारिश में आवाजाही बनी मुसीबत
थराली। लगातार बारिश से थराली विकासखंड की सोल घाटी में सड़कों की हालत बिगड़ गई है। थराली-डूंगरी मोटर मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और दलदल बनने से वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। हालात यह हैं कि एक अल्टो दलदल में फंस गया।ग्रामीणों ने पिकअप से रस्सी बांधकर अल्टो को खींचकर बाहर निकाला। इसका वीडियो भी सामने आया है।सोल घाटी करीब 16 गांवों का क्षेत्र है। यहां के ग्रामीण तहसील मुख्यालय और मुख्य बाजार तक पहुंचने के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह मलबा और कीचड़ जमा होने से छोटे वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क का हिस्सा बहने से भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों के अनुसार खाली-डूंगरी मोटर मार्ग पीएमजीएसवाई के अधीन है। हर साल बरसात में सड़क की स्थिति खराब हो जाती है। कई बार मार्ग बाधित होने पर ग्रामीणों को 10 से 12 किलोमीटर पैदल चलकर तहसील मुख्यालय पहुंचना पड़ता है। इससे रोजमर्रा के काम के साथ मरीजों और बुजुर्गों को भी दिक्कत होती है।
हर बरसात में बढ़ती परेशानी
थराली-डूंगरी मोटर मार्ग पर बरसात के दौरान जगह-जगह पहाड़ी से मलबा और चट्टान गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के पास पर्याप्त मशीनरी नहीं होने के कारण मार्ग खोलने में भी समय लग जाता है। इससे घाटी के गांवों की आवाजाही प्रभावित होती है।
नंदानगर से जोड़ने की मांग भी अधूरी
,सोल घाटी को नंदानगर से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की कवायद लंबे समय से चल रही है, लेकिन तकनीकी कारणों से कुछ हिस्सों में काम आगे नहीं बढ़ पाया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर कर काम में तेजी लाने और मौजूदा सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।
