उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून, कांग्रेस नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं ने चुनाव के दौरान अच्छे दिनों, हर खाते में 15 लाख रुपये और प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी संकल्प जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।उन्होंने कहा कि भाजपा के वादों से प्रभावित होकर लोगों ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा की ओर रुख किया था, लेकिन अब जनता को यह समझ आ गया है कि किए गए वादे पूरे नहीं हुए। यही वजह है कि लोग तेजी से वापस कांग्रेस की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल में कांग्रेस में शामिल हुए कई लोग ऐसे हैं, जिन्होंने पहले कभी कांग्रेस का समर्थन नहीं किया था। कांग्रेस नेता ने नए सदस्यों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पार्टी उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी।उन्होंने हल्द्वानी में भाजपा की बैठक में आगामी चुनाव जीतने के लिए लिए गए संकल्प पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने का संकल्प कोई नई बात नहीं है, लेकिन भाजपा को पहले जनता से किए गए संकल्पों का हिसाब देना चाहिए।उन्होंने रोजगार के वादे का जिक्र करते हुए सवाल किया कि प्रतिवर्ष दो करोड़ नौकरियां देने के संकल्प का क्या हुआ। साथ ही अंकिता भंडारी प्रकरण में दोषियों को सजा दिलाने के वादे को लेकर भी भाजपा से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के संकल्प जनता से जुड़े मुद्दों पर पूरे नहीं हुए, जबकि चुनाव जीतना पार्टी का मुख्य लक्ष्य बनकर रह गया है।
मेयर के प्रभाव को लेकर भी बोले:
आगामी चुनाव में मेयर के प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा कि मेयर का अपना प्रभाव निश्चित रूप से रहेगा। उन्होंने कहा कि अभी कुछ लोग दूसरी तरफ शामिल हो रहे हैं और आने वाले समय में कुछ लोग कांग्रेस में भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-आते तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।
