उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
उत्तरकाशी। थाना मोरी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली है। अभियुक्त ने एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार गत 7 सितंबर को मोरी प्रखंड के राजस्व क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरी में अभियुक्त ने करमचन्द पुत्र ढ़टीराम, निवासी ग्राम बरी, उम्र 38 वर्ष पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर फरार हो गया था।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस, फील्ड यूनिट एवं फोरेंसिक की टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई। मामले में 8 सितम्बर को मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर थाना मोरी पर अभियुक्त के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए फरार अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिस पर थानाध्यक्ष मोरी के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी की अलग-अलग टीम गठित की गई। पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा की अगुवाई और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने लगातार अभियुक्त के घर, रिश्तेदारों तथा सम्भावित स्थानों पर दबिशें दी। तकनीकी एवं फील्ड स्तर पर लगातार प्रयासों के फलस्वरूप फरार हत्यारोपी सुमन को मोरी कस्बे से गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस टीम में रघुवीर सिंह, मुख्य आरक्षी रघुवीर शर्मा,राजेन्द्र,सत्यपाल, महिदेव चौहान,गणेश राणा,पूरण सिंह, पीआरडी नरेन्द्र आदि थे।
