
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
पौड़ी। रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। भंगलवाड़ की ओर जा रही इको कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि शनिवार को थाना रिखणीखाल में वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। जिस पर टीम को मौके पर भेजा गया। बताया कि मौके पर पता चला कि रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 4 घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं कुल 8 व्यक्तियों की इस सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है सभी मृतकों के शवों को खाई से निकाल दिया गया है। घायल सभी व्यक्तियों को भी एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया है। बताया कि हादसे में कान्ति देबी पत्नी दिनेश चन्द्र निवासी भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष, रेखा देबी पत्नी प्रेम सिंह निवासी भंगलवाड़ उम्र 42 वर्ष, अनिल देबराडा पुत्र जयानन्द भंगलवाड़ उम्र 48 वर्ष ( चालक), सुमित्रा देबी पत्नी रमेश सिह पता भंगलवाड़ उम्र 50 वर्ष, सुनीता देबी पत्नी मदन सिह पता भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष , धनेश्वरी देबी पत्नी किशन चन्द्र फता भंगलवाड़ उम्र 46 वर्ष, सरोजनी देबी पत्नी मोहन सिंह निवासी भंगलवाड़ उपरोक्त उम्र 38 वर्ष, रजनी देबी पता भंगलवाड़ उम्र 25 वर्ष की मौत हो गई जबकि शशी देबी पत्नी गजेन्द्र सिंह पता भंगलवाड़ उम्र 35 वर्ष, शकुन्तला देबी पत्नी महेन्द्र सिंह पता भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह निवासी भंगलवाड़, सत्यवती देबी पत्नी जगदीश पता भंगलवाड़ उम्र 36 वर्ष घायल हो गए। हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत आदि ने शोक जताया है।

