
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, प्रीतम सिंह ने 50 रन और दो विकेट लेकर जीता मैन ऑफ द मैच का खिताबश्री राज राजेश्वरी क्रिकेट (RCC) टूर्नामेंट कांसुवा के पांचवें दिन क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहा। दिनभर में तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें छह टीमों ने प्रतिभाग कर मैदान में अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के चौकों-छक्कों और शानदार गेंदबाजी ने दर्शकों में खूब उत्साह भरा।पांचवें दिन के मुकाबलों का पहला मैच मज्याड़ी मल्ली एकादश और केड़ा ए के बीच खेला गया। इसमें केड़ा ए की टीम ने जीत दर्ज की। हालांकि, मज्याड़ी मल्ली के प्रीतम सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।दूसरा मुकाबला केड़ा बी और बैनोली की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें केड़ा बी ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम की। इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पवन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, तीसरे मुकाबले में कंड एकादश ने दरमोली एकादश को हराकर जीत हासिल की। इस मैच में भूपेंद्र को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष विजय सिंह रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल को आपसी भाईचारे, सौहार्द और सहयोग की भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कमेटी की ओर से आयोजित इस ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और टीमों की बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने के साथ ही युवाओं को एक मंच प्रदान करते हैं।पांचवें दिन के मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर मां नंदा स्थली महिला मंगल दल कांसुवा, नवयुवक मंगल दल कांसुवा, कमेटी सचिव वीरेंद्र सिंह रावत, अंपायर मनोज कोहली, सुमित चौहान, साहिल, मनवर सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह कुंवर सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे।

