
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
**SVEEP के तहत जनपदभर में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों का दिया संदेश**
जनपद में आगामी निर्वाचन को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर SVEEP (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं विकासखंडों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।इसी क्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रुद्रप्रयाग में आयोजित स्व-जनगणना कार्यक्रम के दौरान डीएलएड प्रशिक्षुओं को स्व-जनगणना के महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने उपस्थित प्रशिक्षुओं एवं प्रतिभागियों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की मतदान में भागीदारी बेहद जरूरी है।वहीं, विकासखंड जखोली के बीडीसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिभागियों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के दौरान भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता की शपथ ली। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से अपने विद्यालय के सेवित क्षेत्र के गांवों में जाकर लोगों को मतदान के महत्व की जानकारी देने और अधिकाधिक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक राजकीय विद्यालय में Electoral Literacy Club for Future Voter का गठन किया गया है। इन क्लबों में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची के शुद्धिकरण और मतदान के अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थी इन गतिविधियों के जरिए विद्यालयों के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चला रहे हैं।इसी कड़ी में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों की ओर से निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर मतदान की महत्ता, मतदाता सूची के शुद्धिकरण और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़कर उनके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक मतदान का संदेश पहुंचाना है, ताकि आगामी निर्वाचन में अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहभागी बन सकें।

