
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पौड़ी। जिले के एकेश्वर ब्लॉक के इड़ा मल्ला गांव में शुक्रवार सुबह गुलदार ने 55 वर्षीय महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में गुलदार की सक्रियता को लेकर चिंता बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, इड़ा मल्ला गांव निवासी लीला देवी (55) पत्नी बलदेव सिंह पर 23 अक्टूबर की सुबह गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला की गर्दन पर चोट आई है। घटना मोनारस्यु पट्टी के दमदेवल क्षेत्र की बताई जा रही है।गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में गश्ती टीम तैनात की जा रही है। वन विभाग की टीम इलाके में निगरानी रखेगी, ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि गुलदार की मौजूदगी से क्षेत्र में अन्य लोगों के लिए भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।

