
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
बिना हेलमेट और सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों पर पुलिस की कार्रवाई, अब बाइक पर चालक के साथ पीछे बैठे व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य,थराली बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बिगाड़ने और सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े दोपहिया वाहनों के खिलाफ थराली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ी 19 मोटरसाइकिलों के चालान किए गए।थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थराली मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को बताया कि मोटरसाइकिल पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। केवल चालक के हेलमेट पहनने से नियम का पालन पूरा नहीं होता। दोनों सवारों को हेलमेट पहनना होगा।इसके साथ ही वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट लगाना भी अनिवार्य बताया गया। बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।पुलिस के अनुसार थराली बाजार में सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े दोपहिया वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इससे आम लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 मोटरसाइकिलों के चालान किए गए।थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने वाहन स्वामियों से अपील की कि बाजार क्षेत्र में अपने दोपहिया वाहनों को सड़क किनारे बेतरतीब खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार में जाम की स्थिति पैदा करने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

