
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले—देश की सुरक्षा के लिए जीवन समर्पित करने वाले वीर सपूतों का अपमान देवभूमि की जनता स्वीकार नहीं करेगी
उत्तरकाशी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वीर सपूत अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की कथित अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव, स्वाभिमान और जनभावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है।पत्रकार वार्ता में विधायक चौहान ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना संपूर्ण जीवन देश की सुरक्षा, संप्रभुता और एकता की रक्षा के लिए समर्पित किया है। उनकी पहचान किसी राजनीतिक पद से नहीं, बल्कि दशकों की राष्ट्रसेवा, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा से बनी है। ऐसे राष्ट्रसेवक के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को यह समझना चाहिए कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीतिक बयानबाजी करते समय देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लोगों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखना आवश्यक है। अजीत डोभाल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके योगदान का सम्मान करना प्रत्येक देशवासी का दायित्व है।उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के नेताओं की भाषा देश के वीरों को लेकर विवादों में आई है वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने तत्कालीन सेना प्रमुख और उत्तराखंड के वीर सपूत जनरल विपिन रावत के लिए सड़क का गुंडा जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था।स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल दोनों उत्तराखंड की धरती के गौरव हैं एक ने भारतीय सेवा का नेतृत्व किया और दूसरे ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा में दशकों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे महान सपूतों में से एक के लिए पूर्व में सड़क का गुंडा जैसे अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करना तथा दूसरे पर राहुल गांधी द्वारा तंज कसना कांग्रेस की उत्तराखंड विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिला महामंत्री परशुराम जगूड़ी,जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गंगाड़ी ,मंडल अध्यक्ष भटवाड़ी मनुजेन्द्र सिंह रावत मौजूद रहे।

