उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
सेना की वर्दी पहनकर देशसेवा का सपना संजोए हार्दिक त्यागी ने शनिवार को उसे साकार कर लिया। पांच सितंबर को आफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) गया से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हार्दिक त्यागी को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन मिला। उनकी सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।हार्दिक त्यागी वर्तमान में जिले में खडौली गांव के पास सागा हैबिटेट स्थित विला-26 में परिवार के साथ रहते हैं। उनका पैतृक गांव हरिद्वार जिले में खजूरी है। हार्दिक ने वर्ष 2024 में मेरठ इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी (एमआइईटी) से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सेना में अधिकारी बनने की तैयारी शुरू की और ओटीए गया में प्रशिक्षण प्राप्त किया।परिवार के अनुसार हार्दिक के पिता अमित त्यागी भी सेना में रहे हैं। पिता को सेना की वर्दी में देखकर हार्दिक के मन में बचपन से ही भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा करने का सपना था। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने इस सपने को पूरा किया। उनकी मां सुमन त्यागी हैं। हार्दिक की कमीशनिंग की खबर मिलते ही मेरठ स्थित परिवार के साथ ही उनके पैतृक गांव खजूरी में भी खुशी की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने परिवार को बधाई दी। परिजनों ने कहा कि हार्दिक का सेना में अधिकारी बनना पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हार्दिक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा करेंगे।
