उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय द्वारा आज सिडकुल, हरिद्वार स्थित होटल गार्डन व्यू में “औद्योगिक सम्मेलन” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग जगत को पैकेजिंग (IS 2771) एवं कॉस्मेटिक्स (IS 4955, IS 19681, IS 7669 एवं IS 2888) से संबंधित भारतीय मानकों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष, BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख श्री हेमंत बी. अडे ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मानक गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता संरक्षण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने उद्योगों से अपील की कि वे BIS मानकों को अपनाकर उत्पादों की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाएं।इस अवसर पर BIS की संयुक्त निदेशक श्रीमती नीलम सिंह द्वारा तकनीकी प्रस्तुति दी गई, जिसमें पैकेजिंग एवं कॉस्मेटिक्स से संबंधित विभिन्न भारतीय मानकों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने मानकों के अनुपालन के लाभ, गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया तथा BIS प्रमाणन प्रणाली के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया।कार्यक्रम में डॉ. मोहिंदर आहूजा, उपाध्यक्ष, SMAU हरिद्वार ने उद्योगों की ओर से अपने विचार रखते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उद्योगों को गुणवत्ता सुधार एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने BIS के इस प्रयास की सराहना की।इस सम्मेलन में सिडकुल क्षेत्र के अनेक उद्योग प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया तथा गुणवत्ता मानकों से संबंधित विषयों पर सक्रिय चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से उद्योगों को BIS मानकों के अनुपालन हेतु प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।
