
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी। तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड, डॉ वी मुरुगेशन ने गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग व गौमुख ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण कर पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं, पर्यटकों की सुरक्षा, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अपर पुलिस महानिदेशक ने गंगोत्री धाम स्थित पुलिस चौकी का भौतिक निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं पुलिस अभिलेखों का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने धाम में तैनात पुलिस, फायर व एसडीआरएफ कर्मियों को भीड़ और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने, मंदिर में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने तथा नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने गौमुख ट्रैक स्थित पुलिस चौकी भोजवासा पहुंचकर पुलिस चौकी का धरातलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विपरीत भौगोलिक एवं दुर्गम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों के लिए रहने, खाने एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने
गौमुख ट्रैक जैसे दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में विषम परिस्थितियों के बीच अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि गौमुख ट्रैक पर आवागमन करने वाले प्रत्येक ट्रैकर, पर्यटक एवं तीर्थयात्री का पूर्ण विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित कर आवागमन की नियमित निगरानी रखने तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सावधानियों को विशेष ध्यान रखा जाए।
इस मौके पर उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल श्प्रदीप तोमर, प्रभारी चौकी गंगोत्री प्रमोद उनियाल, श्विरेन्द्र पंवार आदि मौजूद रहे।

