उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो
चंद राजवंश के युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह ने किया विदाई पूजन
’बोल नंदा मैया की जय’ के जयकारों से गूंजी सांस्कृतिक नगरी
प्रसिद्ध माँ नंदा देवी मेला 2026 के अवसर पर बुधवार को माँ नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा और डोला अत्यंत धूमधाम व श्रद्धाभाव से निकाला गया। माता के विदाई दर्शनों के लिए नगर के पारंपरिक मार्गों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
दोपहर 1:00 बजे चंद राजवंश के प्रतिनिधि युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह ने माता के दरबार में संपूर्ण विधि-विधान से विदाई पूजन किया। इसके पश्चात अपराह्न 3:30 बजे प्रतिमाओं का डोला मंदिर प्रांगण से निकला और 5:30 बजे मंदिर की परिक्रमा कर नगर भ्रमण पर रवाना हुआ।बोल नंदा मैया की जय’ के गगनभेदी जयकारों के साथ शोभायात्रा लालबाजार, शिखर तिराहा, ड्योढ़ी पोखर, लोहाशेर, टैडी बाजार, कारखाना बाजार, हुक्का क्लब, जौहरी बाजार, मल्ली बाजार और अलेक्जेंडर गेट होते हुए सायं 6:30 बजे आर्मी कैंट पहुंची।तदोपरांत दुगालखोला स्थित नौले में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर राज परिवार के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
