
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
चमोली जनपद के देवाल विकासखंड में बारिश के चलते थराली-वाण मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आने से एक वाहन मलबे में फंस गया। सड़क पर अचानक पानी के तेज बहाव के साथ मलबा आने से मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।मामला चमोली जनपद के देवाल विकासखंड का है, जहां थराली-वाण मोटर मार्ग पर सुबह गमरी गाड़ नामक स्थान पर भारी मलबा आने से एक वाहन बुरी तरह फंस गया। मलबा आने के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।बताया जा रहा है कि इस स्थान पर लगातार भूस्खलन होने के चलते मार्ग बार-बार बंद हो रहा है। बारिश होते ही पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पानी सड़क पर आ जाता है, जिससे आवाजाही बाधित हो जाती है।यह मोटर मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधीन है, लेकिन मार्ग पर लगातार हो रही इस समस्या के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में स्थानीय लोगों और इस मार्ग से आवाजाही करने वाले राहगीरों को हर बार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब ठोस कदम उठाएगा, ताकि लोगों को बार-बार सड़क बंद होने की समस्या से निजात मिल सके।

