उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में बादल छाए रहने, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। राजस्थान में धूलभरी आंधी और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।रविवार को देश के कई हिस्सों में बारिश होने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज अधिकांश इलाकों में मौसम सक्रिय रहेगा। उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और मध्य भारत में गरज-चमक, तेज हवाओं और कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में कई स्थानों पर वर्षा जारी रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव से मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।उत्तर-पश्चिम भारत में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में बादल छाए रहने, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। राजस्थान में धूलभरी आंधी और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा व पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में शाम या रात के समय हल्की बारिश, बिजली चमकने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।बिहार और बंगाल में कैसा मौसम
पूर्वी और मध्य भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में गरज-चमक के साथ वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी। झारखंड और ओडिशा में कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
आज इन राज्यों में होगी बारिश
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मानसून-पूर्व गतिविधियां तेज रहेंगी। केरल, तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। तटीय क्षेत्रों में समुद्र उग्र रहने की संभावना के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।असम और अरुणाचल के मौसम का हाल,पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हो सकती है। इस तरह 31 मई को देश के बड़े हिस्से में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और स्थानीय तूफानों के कारण लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
