उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए आज का पूर्वानुमान जारी कर दिया है. पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में आज अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जैसे पहाड़ी जनपदों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मैदानी क्षेत्र के हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में उमस भरी गर्मी के बीच कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं. आईएमडी के अनुसार, पहाड़ों में बारिश से मौसम सुहावना रहेगा, जबकि 29 जून से राज्य में भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है.उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट बदल रहा है, जिससे कहीं राहत तो कहीं आफत की स्थिति बनने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 28 जून को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो रंग देखने को मिलेंगे. देवभूमि के पर्वतीय क्षेत्रों में जहां बादलों की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं, वहीं मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को अभी उमस और तपती गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि आज 28 जून को राज्य में सीधे तौर पर कोई बड़ी चेतावनी तो नहीं है, लेकिन पहाड़ों में स्थानीय स्तर पर मौसम काफी संवेदनशील बना रहेगा. पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे जिलों में आज से ही प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है, जो आने वाले दिनों में भारी बारिश का रूप ले सकती हैं.
