उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़, ग्राफिक एरा (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) देहरादून द्वारा एक ज्ञानवर्धक “निवेशक जागरूकता कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शोधार्थियों के बीच वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना तथा उन्हें जागरूक और सुरक्षित निवेश के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन यूनियन म्यूचुअल फंड, अवोक इंडिया तथा ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य के निर्माण हेतु सही निवेश संबंधी निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रवीन कुमार द्विवेदी रहे। उन्होंने व्यवस्थित निवेश योजना (एसआईपी), म्यूचुअल फंड, कर योजना, धन सृजन, सेवानिवृत्ति सुरक्षा तथा निवेश से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण वित्तीय विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत वित्त, निवेश योजना तथा भविष्य की आर्थिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान प्रस्तुत किया गया। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष बल दिया कि वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि एक आवश्यक जीवन कौशल बन चुकी है। कार्यशाला में शिक्षकों एवं शोधार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। प्रतिभागियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं वर्तमान समय की वित्तीय जागरूकता आवश्यकताओं के अनुरूप बताया। इस अवसर पर डॉ. नवनीत रावत, डॉ. एन. एस. बोहरा, डॉ. राजेश तिवारी, डॉ. विनय कांडपाल, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. गिरीश लखेरा एवं अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।
