उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून/ऋषिकेश। ऋषिकेश नगर निगम मेयर चुनाव में चर्चित रहे पूर्व प्रत्याशी दिनेश चंद मास्टर ने अब क्षेत्रीय राजनीति में नई पारी शुरू करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके उक्रांद में शामिल होने को प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति में अहम माना जा रहा है।देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिनेश चंद मास्टर ने कहा कि उत्तराखंड के मूल मुद्दों, भू-कानून, मूल निवास और क्षेत्रीय अस्मिता की लड़ाई को मजबूत करने के लिए उन्होंने उक्रांद का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब राष्ट्रीय दलों के विकल्प के रूप में मजबूत क्षेत्रीय शक्ति चाहती है।गौरतलब है कि दिनेश चंद मास्टर ऋषिकेश नगर निगम मेयर चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे और उन्होंने स्थानीय मुद्दों को लेकर काफी सक्रियता दिखाई थी। राजनीतिक गलियारों में उनके उक्रांद में शामिल होने को आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। उक्रांद नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि दिनेश चंद मास्टर के जुड़ने से पार्टी को ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में मजबूती मिलेगी।
