उत्तराखंड डेली न्यूज़:ब्योरो
–अंतराष्ट्रीय कार्यों सहित उत्कृष्ट योगदान के लिए भव्य सम्मान
आज पंजाब विधानसभा भवन, चंडीगढ़ में एक अत्यंत गरिमामय एवं ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्र स्तर पर, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही शख्सियतों को सम्मानित किया गया , वहीं देहरादून निवासी , चमोली की बेटी ,प्रख्यात शिक्षाविद, मीडिया विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. कंचन नेगी को उनके राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किए गए उत्कृष्ट एवं बहुआयामी कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय भारत विभूषण सम्मान’ से अलंकृत किया गया। यह डॉ. नेगी को प्राप्त होने वाला 72वां सम्मान है, जो उनके निरंतर समर्पण, प्रभावशाली कार्यों और वैश्विक पहचान का प्रतीक है।इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय स्पीकर सरदार कुलतार सिंह संधवान, पंजाब विधानसभा, उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. कंचन नेगी को सम्मानित करते हुए कहा कि उनके कार्य न केवल भारत में बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पंजाब राज्य भी डॉ. नेगी के कार्यों से अत्यंत प्रभावित है और उनके प्रयासों ने शिक्षा, मीडिया एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान की है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सरदार जय किशन सिंह रौड़ी, उपाध्यक्ष, पंजाब विधानसभा, राम लोक खटाना, सचिव, पंजाब विधानसभा, सरदार सुरिंदर सिंह मोटी, माननीय स्पीकर के सचिव, साहिल लुथरा एवं डॉ. अभिषेक गिलार भी उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने डॉ. नेगी के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को राष्ट्रीय गौरव बताया।पंजाब सरकार द्वारा डॉ. कंचन नेगी के शिक्षा, मीडिया और सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के साथ-साथ उनके अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किए गए प्रभावशाली प्रयासों की भी विशेष रूप से सराहना की गई। उनके कार्यों ने न केवल देश में बल्कि वैश्विक मंच पर भी भारत का मान बढ़ाया है।अपने सम्मान के अवसर पर डॉ. कंचन नेगी ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है और यह उन्हें समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा देता है।यह समारोह न केवल डॉ. कंचन नेगी की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि यह भी दर्शाता है कि समर्पण, मेहनत और सेवा भाव से किस प्रकार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

