उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड में कहीं गर्मी तो कहीं बारिश हो रही है. जहां एक ओर पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश, आंशिक बादल और तेज हवाओं का दौर जारी है, तो दूसरी ओर मैदानी इलाकों में तेज धूप और शुष्क मौसम बना हुआ है. जिससे तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में जानिए आपके शहर में मौसम कैसा रहने वाला है?उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मैदानी इलाकों में तेज धूप और उमसभरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादलों से मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत 7 जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी,पहाड़ी इलाकों में 4500 मीटर से ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है, जबकि उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में बिजली कड़कने और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. बात करें मैदानी इलाकों की तो हरिद्वार और उधमसिंह नगर समेत कई जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.देहरादून और मसूरी में छाए रहेंगे आंशिक बादल,उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और इसके आसपास के इलाकों में आज रविवार 17 मई को मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून जिले में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है. जिले के कुछ पहाड़ी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बूंदबांदी या बौछारें पड़ने की भी संभावना है. तापमान की बात करें तो आज देहरादून में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित कुल 7 जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है. पिछले 24 घंटों में धनोल्टी में सबसे ज्यादा 38.0 मिमी और रानीचौरी में 27.2 मिमी बारिश दर्ज की गई.जानिए तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य बना रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में यह सामान्य से काफी कम से लेकर सामान्य के बीच रिकॉर्ड किया गया. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान टिहरी गढ़वाल के रानीचौरी में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मैदानी इलाके रुड़की (हरिद्वार) में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
22 मई तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 मई को अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है. वहीं 20 से 22 मई के बीच पहाड़ी जिलों में फिर से हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. हालांकि मैदानी इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है.
