उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
देहरादून नगर निगम क्षेत्र में जनगणना-2027 का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रगणकों ने अब तक शहर में एक लाख 27 हजार भवनों की गणना पूरी कर ली है। इनमें 85 हजार भवन आवासीय पाए गए हैं। नगर निगम का दावा है कि 25 मई तक जनगणना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।नगर निगम क्षेत्र को पांच जोन में बांटकर सर्वे कराया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, जोन-एक में 19 हजार 880, जोन-दो में 37 हजार 820, जोन-तीन में 17 हजार 930, जोन-चार में 15 हजार 300 और जोन-पांच में 36 हजार 570 भवनों की गिनती की जा चुकी है।सूत्रों के मुताबिक, भवनों की अंतिम संख्या तीन लाख तक पहुंच सकती है। वहीं, शहर की आबादी का आंकड़ा 16 से 18 लाख के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है।अधिकारियों का मानना है कि बीते वर्षों में शहर का तेजी से विस्तार हुआ है और बाहरी क्षेत्रों में आबादी का दबाव काफी बढ़ा है।बता दें कि पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। इसके बाद 2021 में जनगणना प्रस्तावित थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। अब वर्ष 2026 में देशभर में जनगणना कराई जा रही है।
जनगणना ड्यूटी: झूठ पकड़ में आया तो जुर्माना और कार्रवाई तय
जनगणना-2027 का कार्य के लक्ष्य को देखते हुए प्रशासन ने प्रगणकों की निगरानी और जवाबदेही को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।नगर निगम क्षेत्र में ड्यूटी से नदारद रहने वाले प्रगणकों से पहले गैरहाजिरी का कारण पूछा जा रहा है और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।नगर निगम देहरादून क्षेत्र में कुल 1955 एचएलओ (हाउस लिस्टिंग आपरेशन) प्रगणक तैनात किए गए हैं। इनमें से अब तक 1530 प्रगणक ही फील्ड में उतरकर काम शुरू कर पाए हैं, जबकि 400 से अधिक प्रगणकों ने अभी तक कार्य शुरू नहीं किया है।नगर निगम प्रशासन की ओर से ऐसे प्रगणकों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिसके बाद अब कई कर्मचारी निगम कार्यालय पहुंचकर अपने बस्ते और जरूरी दस्तावेज ले रहे हैं।चार्ज अधिकारियों को प्रगणकों की दैनिक उपस्थिति, फील्ड में सक्रियता और प्रगति रिपोर्ट की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जो प्रगणक फील्ड में नहीं पहुंच रहे हैं, उनसे फोन पर संपर्क कर बीमारी, पारिवारिक समस्या या अन्य कारणों की जानकारी ली जा रही है।
