उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
आसमान से बरसती आग और थपेड़े मारती हीट वेव ने इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों को भी बेहाल कर दिया है। कार्बेट टाइगर रिजर्व में इन दिनों झुलसाने वाली गर्मी का साफ असर दिख रहा है।तपती धूप से बचने के लिए बाघों के अलावा हाथी, सांभर और चीतलों के झुंड भी पानी की तलाश में रामगंगा नदी में पहुंच रहे हैं।यही वजह है कि सफारी पर आ रहे पर्यटकों को इन दिनों रामगंगा नदी के किनारे बाघों के पानी में बैठे रहने के आम नजारे देखने को मिल रहे हैं।वन्यजीवों के लिए खासकर बाघों के लिए रामगंगा नदी जीवनदायिनी से कम नहीं है। कई किलोमीटर तक फैली यह नदी गर्मी से झुलस रहे वन्य जीवों को ठंडक प्रदान कर रही है।रामगंगा नदी का शीतल जल बाघों, हाथियों और सांभर चीतल को अपनी ओर खींच रहा है। बाघ झुलसाती गर्मी से बचने को नदी में काफी देर तक बैठे रहते हैं।पानी में अठखेलियां करते और सुस्ताते बाघों को देख पर्यटक रोमांचित हैं और कैमरों में इन पलों को कैद कर रहे हैं।कार्बेट के पार्क वार्डन बिंदर पाल ने बताया कि गर्मी से वन्य जीवों को रामगंगा नदी से काफी राहत मिलती है।इसके अलावा कार्बेट में कृत्रिम जलाशय व प्राकृतिक जल स्रोत भी बनाए गए हैं। कृत्रिम जलाशय में टैंकरों से पानी भरा जाता है, लेकिन रामगंगा नदी का अपना अलग महत्व है।
