उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट द्वारा देश एवं प्रदेश के युवाओं तथा छात्रों के प्रति की गई कथित अपमानजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में उत्तराखण्ड क्रान्ति दल, महानगर देहरादून द्वारा आज द्रोण चौक, देहरादून में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया तथा उनका पुतला दहन कर अपना रोष व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के महानगर अध्यक्ष पप्रबीन चन्द रमोला ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति, आशा और भविष्य होते हैं। युवाओं एवं छात्रों के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाली किसी भी टिप्पणी को लोकतांत्रिक समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग करता है, तो उसे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सार्वजनिक रूप से युवाओं और छात्रों से क्षमा मांगनी चाहिए।
महानगर महामंत्री निशीथ मनराल ने कहा कि युवाओं के प्रति महेंद्र भट्ट का बयान भारतीय जनता पार्टी की मानसिकता एवं तानाशाही सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में युवाओं का अपमान करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है तथा प्रदेश का युवा इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा।
महानगर संगठन मंत्री गिरीश कोठारी ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल सदैव प्रदेश के युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों एवं आम जनमानस के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है और आगे भी उनके सम्मान, अधिकार एवं भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा।कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने महेंद्र भट्ट के बयान के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया तथा युवाओं के सम्मान में आवाज बुलंद की। उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी युवाओं एवं छात्रों के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाले बयान दिए जाते रहे, तो पार्टी पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक ढंग से व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री विजय बौडाई प्रताप कुंवर, मीनाक्षी घिल्डियाल, राजेंद्र प्रधान, लुसन टोडरिया, महानगर उपाध्यक्ष निर्मल शाह, अनिल भंडारी, महानगर महिला अध्यक्ष कल्पना सेमवाल, महानगर महामंत्री राजीव नौटियाल, महानगर मंत्री मनोज भट्ट, महानगर महिला प्रचार मंत्री कल्पना बिजल्वाण, संतोष नौटियाल, शैलेन्द्र गुनसोला अजय सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
