
उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
देहरादून, उत्तराखंड़ के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक एवं फिल्म सम्मान समारोह यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स 2026 का भव्य आयोजन आगामी 30 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम सभागार में किया जाएगा।शनिवार को दून में यंग उत्तराखंड़ संस्था द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म एवं संगीत श्रेणी के नामांकनों की औपचारिक घोषणा की गई तथा कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य से मीडिया को अवगत कराया गया।इस वर्ष यंग उत्तराखंड लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड शो से उत्तराखंड के प्रसिद्ध वयोवृद्ध अभिनेता श्री विमल बहुगुणा को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक एवं जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण को गोपाल बाबू गोस्वामी लिजेंड्री सिंगर अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
संस्था ने बताया कि नामांकन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए एक ज्यूरी टीम का गठन किया गया, जिसमें संस्कृतिकर्मी, पत्रकार, फिल्म एवं संगीत जगत एवं से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञों ने ज्यूरी सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।फिल्मों के मूल्यांकन हेतु इस वर्ष निर्णायक मंडल में रंगकर्मी एवं अभिनेत्री श्रीमती चंद्रा बिष्ट, भूपेन्द्र कैथोला, मनोज चंदोला, जयप्रकाश पंवार ‘जेपी, जगत किशोर गैरोला, राहुल सिंह बोरा एवं मनु पंवार शामिल हैं।इस वर्ष संगीत श्रेणी के निर्णायक मंडल में लोक गायिका श्रीमती सुनीता भट्ट (बेलवाल), लोकगायक एवं संगीतकार वीरेन्द्र नेगी ‘राही’, लोकगायक एवं संगीतकार आलोक मलासी, गायक एवं रंगकर्मी पदमेन्द्र रावत, वरिष्ठ पत्रकार चारू तिवारी एवं मनोज इष्टवाल आदि शामिल हैं।प्रेस वार्ता के दौरान संस्था ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष यंग उत्तराखंड सिने अवाईस 2026 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीतने वाली फिल्म के निर्माता को ट्रॉफी के साथ ₹1 लाख की सहयोग राशि भी प्रदान की जाएगी।
संस्था ने बताया कि यह विशेष पुरस्कार राशि मनोज चंदोला के कुशल मार्गदर्शन में संचालित सामाजिक संस्था “अभिव्यक्ति की कार्यशाला” की ओर से प्रदान की जाएगी।
