उत्तराखंड डेली न्यूज;ब्योरो
उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा के उपनिदेशक (तकनीकी) संदीप कुमार राणा द्वारा रुद्रप्रयाग फायर स्टेशन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी मानसून और जारी चारधाम यात्रा के मद्देनजर स्टेशन की तैयारियों, उपकरणों की कार्यशीलता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था।निरीक्षण की शुरुआत परेड के साथ हुई, जिसमें फायर स्टेशन प्रभारी सहित सभी कर्मचारी निर्धारित और स्वच्छ वर्दी में उपस्थित पाए गए। इसके बाद स्टेशन परिसर, कार्यालय, स्टोर, एम.टी. अभिलेखों, संचार व्यवस्था और भवन की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया गया। सभी आवश्यक प्रविष्टियां अपडेट और व्यवस्थित पाई गईं। स्टेशन पर उपलब्ध अग्निशमन वाहनों और रेस्क्यू/आपदा उपकरणों की कार्यशीलता को जांचने के लिए कर्मचारियों से बारी-बारी से उन्हें संचालित करवाकर देखा गया। उपकरणों के उचित रख-रखाव और उन्हें हर समय अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।चारधाम यात्रा और आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत फायर स्टेशन पर अधिकतम जनशक्ति (मैनपावर) तैनात रखने और महिला व पुरुष फायरमैनों को सभी आधुनिक उपकरणों के संचालन में पूरी तरह प्रशिक्षित करने की हिदायत दी गई। किसी भी आग या रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सभी कार्मिकों को अनुशासन व सत्यनिष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा गया।कर्मचारियों की विभागीय या व्यक्तिगत समस्याओं के समयबद्ध निवारण के लिए स्टेशन प्रभारी को निर्देशित किया गया, साथ ही कर्मचारियों को भी अपनी समस्याएं उचित माध्यम से उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने की सलाह दी गई।उपनिदेशक तकनीकी ने फायर स्टेशन की स्वच्छता, प्रशासनिक अनुशासन और अग्निशमन व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने टीम को भविष्य में किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए सदैव अलर्ट रहने के निर्देश के साथ निरीक्षण संपन्न किया।
