उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
श्री बद्रीनाथ धाम में प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें कई ऐसे बुजुर्ग, दिव्यांग एवं असहाय श्रद्धालु भी होते हैं, जिनके लिए मंदिर तक पहुंचना शारीरिक रूप से अत्यंत कठिन होता है। लेकिन उनकी आस्था को किसी भी कठिनाई के आगे झुकने नहीं दिया जा रहा।
चमोली पुलिस के जवान इन श्रद्धालुओं के लिए केवल सुरक्षा प्रहरी नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना के सच्चे साथी बनकर सामने आ रहे हैं। ड्यूटी के साथ-साथ पुलिसकर्मी स्वयं आगे बढ़कर बुजुर्ग एवं असहाय श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर के माध्यम से मंदिर तक पहुंचा रहे हैं, उनका हौसला बढ़ा रहे हैं और भगवान श्री बद्री विशाल के सहज एवं सुरक्षित दर्शन करवा रहे हैं।श्रद्धालुओं के चेहरे पर दर्शन के बाद दिखाई देने वाली मुस्कान और आंखों में छलकती खुशी पुलिस जवानों के लिए किसी सम्मान से कम नहीं होती। यही पल इस बात का प्रमाण हैं कि वर्दी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व नहीं निभाती, बल्कि मानवता की सेवा का भी सबसे मजबूत माध्यम बनती है।
