उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
देहरादून। हिमालयन पब्लिक स्कूल में आयोजित जूनियर विंग का भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी उत्साह, गरिमा एवं नेतृत्व के संकल्प के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद्, वरिष्ठ पत्रकार तथा कारगी रोड स्थित उत्तराखंड हेरिटेज स्कूल ऑफ़ मीडिया एंड एडवांस्ड स्टडीज़ (UHSMAAS) , ऐ बी एस कोचिंग हब एवं एब्यूलिएंट इंग्लिश इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. कंचन नेगी विशिष्ट अतिथि (Guest of Honour) के रूप में उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या स्वाति के. उनियाल ने डॉ. कंचन नेगी का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया। विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।समारोह के दौरान विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र नेतृत्व को शपथ दिलाई गई तथा उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. कंचन नेगी ने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को ईमानदारी, अनुशासन, सेवा-भाव और सकारात्मक सोच के साथ निभाना है।उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तित्व में आत्मविश्वास, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और उत्कृष्ट संवाद कौशल का विकास करें तथा अपने विद्यालय, परिवार और समाज का गौरव बढ़ाने वाले नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्रनिर्माता हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।डॉ. कंचन नेगी ने समारोह में उपस्थित अभिभावकों को भी संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों की संयुक्त सहभागिता से ही एक सशक्त, संवेदनशील एवं जिम्मेदार पीढ़ी का निर्माण संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सकारात्मक वातावरण, नैतिक संस्कार, प्रोत्साहन और आत्मविश्वास प्रदान करने का आग्रह किया।इस अवसर पर नव-नियुक्त जूनियर हेड बॉय आहिल चौधरी एवं जूनियर हेड गर्ल ग्रीषा वशिष्ठ ने अपने स्वीकृति भाषण में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अपने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए विद्यालय के अनुशासन, विकास एवं छात्र-हित के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करेंगे।कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन अभिषेक वर्मा और अंशिका वर्मा, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। पूरे समारोह में उत्साह, अनुशासन और नेतृत्व की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं सेवा-भाव विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

