उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
छत्तीसगढ़ से श्री केदारनाथ यात्रा पर आयी श्रद्धालु श्रीमती सुमित्रा देवी पटेल गौरीकुंड में भीड़ के कारण अपने परिवार से बिछड़कर रास्ता भटक गयी थी। काफी प्रयासों के बाद भी जब वह अपने परिजनों से नहीं मिल पायी, तो वह अत्यंत घबरा गयी। वहीं ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड जवान सविता की नजर जब रोती-बिलखती बुजुर्ग महिला पर पड़ी, तो उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाते हुये हर सम्भव सहायता का विश्वास दिलाया तथा त्वरित रुप से उनके परिजनों की तलाश आरम्भ कर दी, खोया-पाया केन्द्र के पीए सिस्टम के माध्यम से श्रीमती सुमित्रा देवी के परिजनों के नाम का लगातार अनाउंसमेंट करवाया गया। इसके साथ ही उन्होंने आस-पास के क्षेत्रों में भी सघन ढूंढ-खोज अभियान चलाया। कड़े प्रयासों के बाद अनाउंसमेंट सुनकर बदहवास ढूंढ रहे परिजन सहायता केंद्र तक पहुंचे। तदोपरांत सुमित्रा देवी पटेल को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने परिवार के सदस्य को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों अत्यन्त प्रसन्न हुये तथा उनके द्वारा महिला होमगार्ड जवान का आभार प्रकट कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
