उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
चमोली जिले के नंदानगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना नंदानगर में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री लंबे समय से पेट दर्द से परेशान थी। उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय गोपेश्वर ले जाया गया, जहां अल्ट्रासाउंड और अन्य चिकित्सकीय जांच में उसके करीब चार माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर किशोरी ने ग्राम मोख मल्ला निवासी 21 वर्षीय राजेन्द्र लाल पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना नंदानगर में मुकदमा संख्या 15/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 64(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(जे)(2)/6 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेन्द्र लाल को कुरूड़ पुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है।
