उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद्, रिसर्च एंड डेवलपमेंट एक्सपर्ट, मीडिया एवं कम्युनिकेशन विशेषज्ञ तथा उत्तराखण्ड हेरिटेज स्कूल ऑफ मीडिया एंड एडवांस्ड स्टडीज़, डॉ. कंचन नेगी’ज़ ABS Coaching Hub – Academy of Brilliant Scholars एवं Ebullient English International Institute (EEII) की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. कंचन नेगी ने आज हिमालयन पब्लिक स्कूल के सीनियर विंग इन्वेस्टिचर सेरेमनी में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं विद्यालय परिषद के नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को दायित्व एवं पद की शपथ दिलाने के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. कंचन नेगी ने विद्यालय की नवगठित छात्र परिषद को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, उत्तरदायित्व, सेवा-भाव और उत्कृष्ट चरित्र का प्रतीक होता है।अपने प्रेरणादायी एवं ओजस्वी संबोधन में डॉ. नेगी ने विद्यार्थियों से कहा कि “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जो व्यक्ति निरंतर परिश्रम, धैर्य, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता है, वही जीवन में वास्तविक सफलता प्राप्त करता है।”उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के संघर्षपूर्ण जीवन का प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि कैसे एक साधारण परिवार से आने वाले डॉ. कलाम ने बचपन में समाचार-पत्र बेचने से अपनी यात्रा प्रारम्भ की और अपने अथक परिश्रम, निरंतर सीखने की जिज्ञासा, वैज्ञानिक सोच एवं अटूट संकल्प के बल पर भारत के ‘मिसाइल मैन’ और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति तक का गौरवशाली सफर तय किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और आत्मविश्वास अटूट हो, तो कोई भी सपना असंभव नहीं रहता।डॉ. कंचन नेगी ने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच अपनाने, अनुशासन का पालन करने तथा ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों के साथ स्वयं को एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक के रूप में विकसित करने का संदेश दिया। उनके प्रेरणादायी विचारों को विद्यार्थियों एवं उपस्थित शिक्षकों ने अत्यंत उत्साह एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।कार्यक्रम के अंत में डॉ. कंचन नेगी ने विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा प्रसाद वर्मा एवं प्रधानाचार्या स्वाति उनियाल का इस गरिमामयी समारोह में आमंत्रित करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय परिवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
