उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आये श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता के साथ-साथ उनके खोये हुए सामान को सुरक्षित लौटाना भी रुद्रप्रयाग पुलिस की प्राथमिकता रही है। इसी क्रम में केदारनाथ धाम परिसर में मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने फिर ईमानदारी और तत्परता का परिचय दिया है। जनपद पुलिस द्वारा ‘श्रद्धालु सेवा’ के संकल्प के साथ श्री केदारनाथ यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने का कार्य निरंतर जारी है।
1- कोलकाता, पश्चिम बंगाल की रहने वाली श्रीमती जमुना विश्वास (उम्र 45 वर्ष), जो अपने बेटे रॉबिन विश्वास के साथ श्री केदारनाथ यात्रा पर आई थी, भीमबली के पास अपने परिजनों से बिछुड़ गईं। काफी खोजबीन के बाद जब वह अपने परिवार से नहीं मिल पायी तो वह घबरायी हुई स्थिति में पुलिस चौकी लिन्चोली पहुँची। लिन्चोली चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल महिला को ढांढस बंधाया और उनसे उनके परिवार का विवरण प्राप्त किया। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस जवानों ने उनके बेटे रॉबिन विश्वास से संपर्क स्थापित किया। चूंकि महिला पैदल चलने में असमर्थ महसूस कर रही थी, इसलिए पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके लिए घोड़े की व्यवस्था की और उन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिवार द्वारा बताए गये स्थान तक भिजवाया। अपने पुत्र से दोबारा मिलने पर महिला श्रद्धालु और उनके पुत्र ने रुद्रप्रयाग पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया।
2- उड़ीसा से श्री केदारनाथ दर्शन हेतु आये एक श्रद्धालु दंपति यात्रा मार्ग पर भारी भीड़ के बीच एक-दूसरे से बिछड़ गये थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब महिला श्रद्धालु का संपर्क अपने पति से नहीं हो सका, तो महिला श्रद्धालु काफी हताश और परेशान हो गयी। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान दीपक भारती को जैसे ही इसकी सूचना मिली, उन्होंने तत्काल सक्रियता दिखाते हुये वायरलेस सेट और अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर खोजबीन शुरू की । कड़ी मशक्कत के बाद आरक्षी दीपक भारती ने महिला श्रद्धालु के पति को ढूंढ निकाला और दोनों दम्पत्ति को मिलवाया। अपने जीवनसाथी से पुनः मिलने पर दंपति भावुक हो गये और उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्यकुशलता और मानवीय दृष्टिकोंण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
3- पुणे, महाराष्ट्र से श्री केदारनाथ यात्रा पर आयी श्रद्धालु श्रीमती कुसुम नांगड़े और श्रीमती पुष्पा नांगड़े मन्दिर परिसर में भीड़ होने के कारण अचानक एक-दूसरे से बिछड़ गई थी। काफी प्रयासों के बाद भी जब वे एक दूसरे से नहीं मिल पायी तो श्रद्धालु श्रीमती कुसुम नांगड़े घबरायी हुयी स्थिति में पुलिस के पास पहुंची, मामले की सूचना मिलते ही उ0नि0 पुलिस दूरसंचार चरण सिंह तथा आरक्षी दीपक भारती ने उनकी साथी की खोजबीन करते हुए और अथक प्रयासों से उनकी साथी श्रदधालु श्रीमती पुष्पा नांगड़े को ढूंढ़ निकाला तथा दोनों महिला श्रद्धालुओं को आपस में मिलवाया जिस पर दोनों महिला श्रद्धालुओं ने रुद्रप्रयाग पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
4- श्री केदारनाथ धाम आये एक बुजुर्ग श्रद्धालु जो मंदिर परिसर के पास अपना कीमती मोबाइल फोन खो बैठे थे। मोबाइल फोन खोने की सूचना मिलने पर मन्दिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी शकुन्तला ने तत्काल मोबाइल फोन की खोजबीन शुरू की। महिला पुलिस जवान ने कड़ी मशक्कत के बाद उक्त मोबाइल फोन को सकुशल बरामद कर सकुशल श्रद्धालु के सुपुर्द किया। अपना खोया हुआ मोबाइल फोन वापस पाकर, श्रद्धालु ने रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और सहयोगात्मक रवैये की सराहना कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
5- आज केदारनाथ धाम परिसर में दर्शन हेतु आये श्रद्धालु बाबूलाल त्रिपाठी जिनके पैरों में गंभीर समस्या होने के कारण चलने-फिरने में काफी दिक्कत हो रही थी इस स्थिति को देखते हुए वहां ड्यूटी पर तैनात आरक्षी मनोज मठपाल ने तत्काल उनकी सहायता की। उनके द्वारा बुजुर्ग श्रद्धालु को उचित सहयोग प्रदान करते हुए मंदिर के भीतर तक ले जाकर बाबा केदारनाथ के सुगम दर्शन कराये गये। पुलिस की इस संवेदनशील सहायता से अभिभूत होकर श्रद्धालु बाबूलाल त्रिपाठी जी तथा उनके पुत्र ने वीडियो संदेश के माध्यम से रुद्रप्रयाग पुलिस के सहयोगात्मक तरीके एवं संवेदनशीलता के लिये आभार व्यक्त किया।
6- आज केदारनाथ धाम के दर्शन हेतु आये एक श्रद्धालु का कीमती मोबाइल फोन कहीं गिर गया था। मोबाइल खो जाने से श्रद्धालु काफी परेशान थे, उनके द्वारा इसकी सूचना तत्काल खोया पाया केंद्र पर दी गयी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्यवाही करते हुये और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मोबाइल को सफलतापूर्वक खोज निकाला और श्रद्धालु के सुपुर्द किया। अपना मोबाइल वापस पाकर श्रद्धालु ने पुलिस द्वारा की गयी त्वरित सहायता के लिये बेहद खुशी जाहिर की और वीडियो संदेश के माध्यम से रुद्रप्रयाग पुलिस का आभार व्यक्त किया।
