उत्तराखंड डेली न्यूज़:ब्योरो
देहरादून। कारगी रोड स्थित, उत्तराखंड हेरिटेज स्कूल ऑफ मीडिया एंड एडवांस्ड स्टडीज़ में, सैंगुइन वीकेयर वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से, राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस 2026 का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। सिविल सर्विसेज़ के एक दिवसीय इस कार्यशाला में, प्रतिष्ठित अतिथि वक्ता रहे -राधा रतूड़ी- मुख्य सूचना आयुक्त एवं अनिल रतूड़ी- पूर्व पुलिस महानिदेशक, जिन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं से आए विद्यार्थियों को जनसेवा, नेतृत्व और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया।राधा रतूड़ी (मुख्य सूचना आयुक्त) ने अपने संबोधन में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और ईमानदारी को सिविल सेवाओं की आधारशिला बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और नीयत सच्ची हो, तो सफलता निश्चित है।अनिल रतूड़ी (पूर्व पुलिस महानिदेशक) ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि अनुशासन, साहस और निर्णय क्षमता एक सफल अधिकारी की पहचान होती है। उन्होंने युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और सकारात्मक सोच बनाए रखने की प्रेरणा दी।उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की जमीनी चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिविल सेवक समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने युवाओं को समाज सेवा के प्रति संवेदनशील और समर्पित रहने का संदेश दिया और डॉ नेगी की इस पहल को बेहद सराहा ,संस्थान की फाउंडर डायरेक्टर डॉ. कंचन नेगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन हर वर्ष इसलिए किया जाता है ताकि विद्यार्थियों को एक सशक्त मंच मिल सके, जहाँ वे सीधे अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कर, उनके अनुभवों से सीख सकें और अपने भविष्य के लिए प्रेरणा प्राप्त कर सकें। डॉ कंचन नेगी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर नेतृत्व, जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना है।अंत में, डॉ कंचन नेगी ने सम्मानित अतिथि वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किया जो उनके समर्पण, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक अनमोल अवसर साबित हुआ, जहाँ उन्हें सीधे सरकारी अधिकारियों से मुलाकात, संवाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।यह कार्यक्रम न केवल सिविल सेवाओं के महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि युवाओं को एक प्रगतिशील, सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी करता है। अंत में डॉ नेगी ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए ।
कार्यक्रम में डॉ के एस नेगी, सुशीला नेगी, आँचल बिष्ट, देव, हर्ष माथुर,केशव, प्रियांशु, दीपांशु, हरि ओम, आयुष, अंकित डबराल, अंकिता नेगी आदि उपस्थित रहे ।

