
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
चमोली। सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी से परेशान ग्रामीणों ने आखिरकार अपने गांव तक सड़क पहुंचाने का संकल्प खुद उठा लिया। वर्षों से सड़क का सपना देख रहे ग्रामीण अब शासन-प्रशासन और विभागों के चक्कर काटने के बजाय अपने निजी संसाधनों से सड़क निर्माण में जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को कर्णप्रयाग विकासखंड के मौली, गनोली, र्वेंठा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं की थाप के साथ श्रमदान कर सड़क कटिंग का काम शुरू कर दिया। हाथों में फावड़े लेकर सड़क बनाने पहुंचे ग्रामीणों का यह कदम सरकारी व्यवस्था की अनदेखी और पहाड़ की पीड़ा को बयां कर रहा है।कांचुला-गैन-सैंजकट्टा मोटर मार्ग का वर्ष 2006 में सर्वे हुआ था। डोंठला, गनोली, र्वेंठा, मौली, रोलजुवाड़ी, गैन और सजंकटा गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए करीब सात किलोमीटर सड़क प्रस्तावित है। वर्ष 2018 में वन अधिनियम के तहत सड़क को सैद्धांतिक स्वीकृति मिली और कांचुला से गनोली के समीप तक करीब ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण भी हुआ, लेकिन गनोली से मौली और गैन की ओर तीन किलोमीटर से अधिक सड़क आज भी अधूरी है। वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से विभागीय अधिकारियों के चक्कर काटे,
शासन-प्रशासन को अपनी समस्या बताई और बीते अक्टूबर में विधायक से भी मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग उठाई, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। सड़क न होने से गर्भवती महिलाओं, बीमार लोगों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। हाल ही में इसी क्षेत्र में एक प्रसूता महिला ने सड़क तक पहुंचने की जद्दोजहद के बीच नवजात को जन्म दिया। बाद में मां और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों सुरक्षित हैं।ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर, अवतार सिंह, राजेंद्र सिंह सहित ग्रामीणों का कहना है कि सरकारें बदलती रहीं, लेकिन गांव की सड़क समस्या जस की तस बनी रही। अब ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से सड़क निर्माण शुरू कर दिया है। जब तक सड़क निर्माण पूरा नहीं होता, श्रमदान जारी रहेगा।बृहस्पतिवार को 50 से अधिक महिला, पुरुष और युवा सड़क कटिंग में जुटे। ग्रामीणों के इस संकल्प ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जब जनता खुद फावड़ा उठाकर सड़क बनाने को मजबूर है, तो जिम्मेदार विभाग और शासन आखिर कब अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे

