उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ में 16 वर्षों तक शिक्षा की अलख जगाने वाले सहायक अध्यापक प्रकाश चंद्र सती का स्थानांतरण जनपद हरिद्वार के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालियर में होने पर विद्यालय परिवार की ओर से भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। शिक्षक के स्थानांतरण पर छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए शुभकामनाएं दीं।
पढ़ाई के साथ एनसीसी को बनाया मिशन
प्रकाश चंद्र सती ने विद्यालय में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ विद्यार्थियों को एनसीसी का प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनके मार्गदर्शन में राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के साथ ही राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के एनसीसी कैडेट्स को भी प्रशिक्षण का लाभ मिला। कई विद्यार्थियों को उन्होंने एनसीसी के माध्यम से आगे बढ़ने और अपने कैरियर की दिशा तय करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य ने सराहा योगदान
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जीएस नेगी और विद्यालय परिवार के शिक्षकों ने उनके 16 वर्ष के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि प्रकाश चंद्र सती का विद्यार्थियों के प्रति समर्पण और सहज व्यवहार हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।विदाई समारोह में एनसीसी कैडेट्स और शिक्षकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं। भावुक माहौल में सहकर्मियों और विद्यार्थियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए।
