
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी। जनपद भ्रमण पर आए पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था,एसटीएफ, उत्तराखण्ड नीलेश आनंद भरणे ने कोतवाली हर्षिल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर समस्याएं भी सुनी तथा समस्याओं का हल करने का आश्वाशन दिया।पुलिस महानिरीक्षक ने कोतवाली मेस एवं बैरकों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने तथा पुलिस कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम में कर्तव्य निर्वहन कर रहे पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने सीमावर्ती पुलिस स्टेशन में सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, वाइब्रेंट विलेज में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरंतर चौकसी बरतने के निर्देश दिए।चारधाम यात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उन्होंने आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों व पुलिस तंत्र को सक्रिय रखने के साथ ही संवेदनशील गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने को कहा।कोतवाली परिसर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करते हुए आईजी ने परिसर एवं भवन की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक निर्माण कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने तथा संबंधित स्तर पर आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए।साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने सीमावर्ती गांवों एवं कस्बों में ग्रामीणों और होटल व्यवसायियों को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, लॉटरी स्कैम तथा फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति आम लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। इसके लिए पुलिस को स्थानीय भाषा में चौपालों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन करने को कहा। आईजी ने कोतवाली में सीसीटीएनएस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वान कनेक्टिविटी को दुरस्त रखने तथा ऑनलाइन पोर्टल के साथ ही अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

