
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
यात्रा और दर्शन व्यवस्था सामान्य, केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में केदारनाथ धाम व्यापारी संघ और स्थानीय दुकानदारों की ओर से शनिवार को हेलीपैड परिसर में दिया जा रहा धरना जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से वार्ता के बाद समाप्त हो गया। इसके बाद धाम में यात्रा व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती रही।शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन की ओर से शनिवार को मास्टर प्लान के अंतर्गत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इसके विरोध में व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों ने धरना शुरू किया। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित व्यापारियों एवं दुकानदारों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान व्यापारियों की ओर से रखे गए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई और प्रशासन की ओर से आवश्यक जानकारी देकर स्थिति स्पष्ट की गई।जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता के बाद अपराह्न करीब 3:30 बजे व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों ने धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद केदारनाथ धाम में सभी व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।प्रशासन के अनुसार वर्तमान में धाम में यात्रा सुचारू है। श्रद्धालुओं की आवाजाही, दर्शन व्यवस्था और यात्रा से जुड़ी अन्य गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन एवं संबंधित विभाग व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।जिला प्रशासन ने यात्रा से जुड़े सभी पक्षों से आपसी सहयोग, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

