
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस की ओर से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं गांवों में “साइबर जागरूक उत्तराखंड–सुरक्षित डिजिटल उत्तराखंड” थीम पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के प्रेरित किया गया।शनिवार को पुलिस चौकी डुण्डा की टीम ने ग्रामीणों एवं युवाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, फिशिंग ई-मेल, संदिग्ध लिंक, लालच भरे ऑनलाइन ऑफर सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लोगों को एटीएम कार्ड की जानकारी, सीवीवी,पिन,ओटीपी, बैंक संबंधी विवरण व अन्य निजी एवं संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया। डिजिटल तकनीक का उपयोग करते समय सतर्कता एवं सावधानी बरतने को कहा गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि व साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर संपर्क करें।कोतवाली धरासू पुलिस टीम ने भी यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रह्मखाल, शिवगुफा के पास स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों एवं “डिजिटल अरेस्ट” जैसी साइबर ठगी की घटनाओं के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठग पुलिस, सीबीआई, ईडी व अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर डराने-धमकाने एवं दबाव बनाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे किसी भी फर्जी कॉल और धमकी पर विश्वास न करें । वहीं कोतवाली बड़कोट पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज खरादी में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी । संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल,मैसेज, साइबर ठगी एवं लालच भरे ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की हिदायत दी गई।

