उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
केदारनाथ-बासुकीताल-ऑडिन कोल ट्रैक पर गए पांच सदस्यीय ट्रैकिंग दल से संपर्क टूटने के बाद रेस्क्यू और सर्च अभियान शुरू किया गया है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण मंगलवार को हेलीकॉप्टर से चलाया गया सर्च अभियान स्थगित करना पड़ा।मौसम अनुकूल होने पर बुधवार सुबह दोबारा हवाई सर्च अभियान चलाया जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को सूचना दी कि उनके भाई प्रवेश चौहान पांच साथियों के साथ 25 सितंबर को केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक के लिए निकले थे।दल की योजना ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने की थी। इसके बाद से परिजनों का दल से संपर्क नहीं हो पा रहा है। लापता ट्रैकर्स में 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के अमित फर्सवाण, 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग के नवीन रावत, उत्तरकाशी के फोरेस्टर प्रवेश चौहान, जग्गी बगवान निवासी विवेक और केदारनाथ पशुपालन विभाग में तैनात संजय सिंह रावत शामिल हैं।सूचना मिलते ही पुलिस नियंत्रण कक्ष, वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर और 40वीं वाहिनी पीएसी से समन्वय किया गया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें ट्रैक रूट पर खोजबीन में जुटी हैं।जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलीकॉप्टर से भी तलाश की गई, लेकिन कम दृश्यता के कारण अभियान रोकना पड़ा। जमीनी स्तर पर सर्च अभियान लगातार जारी है।
