
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
विकासनगर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के विकासनगर स्थित कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पछवादून जिलाध्यक्ष जितेंद्र पंवार ने की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती तथा चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव एवं राय ली गई। कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान को गति देने और चुनावी गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती और गंभीरता के साथ लड़ेगा। चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं तथा कार्यकर्ताओं के सुझावों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन के लिए कार्य करना होगा तथा चुनाव में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनाव की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सामूहिक रूप से चुनावी तैयारियों में जुटने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में जितेंद्र पंवार, केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती, केंद्रीय महामंत्री संगठन गणेश काला, पीयूष नेगी, विपिन अन्थवाल, सौरभ उनियाल, हरीश कुंयाल, अरविंद तोमर, जय कृष्ण सेमवाल, अनिल पंवार, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, चन्द्रेश्वर गौड़, कमला घिल्डियाल, रेवती चमोली, भूपेन्द्र सिंह नेगी, लीला, राजेश्वरी भट्ट, संगीता भट्ट, लीला देवी, विमला कपूर, सुनीता चमोली, बीना देवी उनियाल, फूल देवी, रामकृष्ण एवं सुनील कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

