
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
साहिया, 17 नवंबर। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल नॉर्थ जोन टीम में सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय (पीजी) कॉलेज, साहिया के तीन खिलाड़ियों अमन, निखिल और रितिक का चयन हुआ है। तीनों खिलाड़ियों ने अंतर महाविद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 9 एवं 10 अक्टूबर 2026 को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता में किया गया। प्रतियोगिता में गढ़वाल मंडल के 15 महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर, गोपेश्वर और साहिया कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें साहिया कॉलेज की टीम उपविजेता रही।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय के तीन खिलाड़ियों अमन, निखिल और रितिक को विश्वविद्यालय की नॉर्थ जोन वॉलीबॉल टीम में स्थान मिला है। तीनों खिलाड़ी डीएवी, जालंधर (पंजाब) में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की प्रतियोगिता में उपविजेता बनने के साथ ही तीन खिलाड़ियों का नॉर्थ जोन टीम में चयन होना महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। छात्रों में खेलों के प्रति लगातार बढ़ता रुझान और उनकी उपलब्धियां उत्साहजनक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, क्षेत्र, विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।

